August 1, 2026

चारधाम यात्रा हो गई बंद, जगह-जगह बना लैंडस्लाइड का खतरा, कुछ समय के लिए रोकी गई

देहरादूनः उत्तराखंड के छह जिलों के लिए मौसम विभाग ने अगले 3 घंटे का येलो अलर्ट जारी किया है. बागेश्वर, चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग में कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है. अलर्ट के दायरे में रुड़की, लक्सर, डोईवाला, चकराता, केदारनाथ, तुंगनाथ, थराली, कपकोट, गंगोलीहाट, डीडीहाट, मुनस्यारी, कर्णप्रयाग, जोशीमठ, बद्रीनाथ और नंदा देवी सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. इधर, पिछले 24 घंटे में देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में सर्वाधिक 103mm बारिश रिकॉर्ड की गई.

रोक दी गई चारधाम यात्रा
बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए कुछ समय के लिए रोकी गई चारधाम यात्रा.लगढ़वाल कमिश्नर ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर उठाया कदम. चारधाम यात्रा मार्गों पर जगह जगह बना है लैंड स्लाइड का खतरा.
बागेश्वर में स्कूल बंद, 26 से अधिक सड़के बंद
जिले में बीते दिन से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के बीच मौसम विभाग के अलर्ट का व्यापक असर देखने को मिला. खराब मौसम और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी ने आज जनपद के कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है. लगातार हो रही बारिश से जिले की प्रमुख नदियां सरयू और गोमती उफान पर बह रही हैं. नदी किनारे बसे क्षेत्रों में पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार निगरानी कर लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील कर रही हैं. वहीं भारी वर्षा के कारण जिले में 26 से अधिक जिला, ग्रामीण और लिंक सड़कें मलबा एवं भूस्खलन के चलते बाधित हो गई हैं. लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियां जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कों को खोलने में जुटी हैं. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है.