June 7, 2026

कौन है प्रदीप सकलानी, जिसके बयान के बाद पत्रकार हेम भट्ट को सुबह 4:15 घर से उठाकर ले गई पुलिस, जानें क्या है पूरा मामला

Hem Bhatt News: उत्तराखंड पुलिस की एक कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. दरअसल, उत्तराखंड पुलिस ने यूट्यूब चैनल जय भारत टीवी के पत्रकार हेम भट्ट को शनिवार तड़के हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि पुलिस सुबह करीब 4:15 बजे उनके घर पहुंची और उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई. इस कार्रवाई के बाद राज्य में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं.  विपक्षी नेता इसे पत्रकार को डराने और दबाव बनाने की कार्रवाई बता रहा है. वहीं  पुलिस का कहना है कि ₹20 हजार के इनामी और 26 मुकदमों में वांछित आरोपी प्रदीप सकलानी ने पूछताछ के दौरान हेम भट्ट का नाम लिया था. इसी आधार पर पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए लेकर आई है. पुलिस इस मामले को बीजेपी विधायक अरविंद पांडे से भी जोड़कर देखा जा रहा है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते हैं इस खबर में…

 

पत्रकार की पत्नी ने लगाए सुबह 4:15 बजे मारपीट के आरोप

इस पूरे घटनाक्रम पर पत्रकार हेम भट्ट की पत्नी का बयान सामने आया है. उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हेम भट्‌ट की पत्नी का कहना है कि सुबह करीब सवा 4 बजे एक पुलिसकर्मी के साथ चार लंबे-चौड़े लोग अचानक उनके घर में घुस आए. घर में घुसते ही वे लोग हेम भट्ट के साथ मारपीट करने लगे. पत्नी का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पति को बचाने के लिए बीच बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें कहा गया कि वे इस मामले के बीच में बिल्कुल न आएं.  पत्नी ने बताया कि  उन लोगों ने कहा कि वे हेम भट्ट को केवल पूछताछ के लिए ले जा रहे हैं.