- फिल्मों के जरिये प्रदेश की ब्रांडिंग पर दिया जाएगा विशेष ध्यान
देहरादून: धामी सरकार नए साल में कुछ संशोधनों के साथ नई फिल्म नीति लाने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप इस फिल्म नीति में प्रदेश की ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब यदि किसी फिल्म, धारावाहिक और वेब सीरीज की शूटिंग उत्तराखंड में होती है और कहानी में इसका जिक्र किया गया है तो राज्य सरकार की तरफ से निर्देशक को अतिरिक्त छूट दी जाएगी। अब तक यह व्यवस्था नहीं थी। इस कारण देखने में यह आता था कि फिल्म की शूटिंग तो उत्तराखंड में होती थी, लेकिन कहानी में इसे हिमाचल या जम्मू दिखाया जाता था, जिस कारण खूबसूरत लोकेशन होने के बावजूद प्रदेश की ब्रांडिंग सही तरीके से नहीं हो पाती थी।
पिछले कुछ सालों में उत्तराखंड एक शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभरा है। बड़ी संख्या में फिल्म, धारावाहिक और वेब सीरीज की शूटिंग उत्तराखंड में हुई हैं। फिल्मों के जरिये देश-विदेश में राज्य की ब्रांडिंग हो, इस दिशा में भी मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित नई फिल्म नीति में प्रविधान किए हैं।
दरअसल, पिछले वर्ष अक्षय कुमार की फिल्म “कठपुतली” की शूटिंग मसूरी में हुई, लेकिन फिल्म में इस जगह को हिमाचल का कसौली दिखाया गया। अब सरकार ने नई फिल्म नीति में यह व्यवस्था की है कि यदि किसी फिल्म, धारावाहिक और वेब सीरीज की शूटिंग उत्तराखंड में होती है और कहानी में इसका जिक्र किया गया है तो राज्य सरकार की तरफ से निर्देशक को अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी बंशीधर तिवारी ने कहा कि, अब कोई फिल्म, धारावाहिक और वेब सीरीज की शूटिंग उत्तराखंड में होती है और फिल्म में उसका जिक्र होता है तो प्रस्तावित नीति के तहत निर्देशक को अतिरिक्त छूट दी जाएगी। इसके अलावा कई अन्य प्रविधान भी प्रस्तावित फिल्म नीति में किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का प्रयास है कि अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग उत्तराखंड में हो। साथ ही, यहां के कलाकारों को उसमें काम करने का मौका मिला।


More Stories
Uttarakhand: नौकरी में बने रहने और पदोन्नति के लिए शिक्षक बना रहे गलत तथ्यों को आधार, सीटीईटी करने की तैयारी
Uttarakhand News: फलों के दाम आसमान पर, आम आदमी की पहुंच से हुए दूर, सेब 250 रुपये किलो तक पहुंचा
Uk News: भीमताल की निजी यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा, करंट लगने से कर्मचारी की जान गई