देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने आज सचिवालय में एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर्स कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ किया। पिछले दिनों मसूरी में हुए चिंतन शिविर में राज्य के विकास के लिए जो सुझाव सामने आए थे, उनको जल्द से जल्द धरातल पर लाने के लिए मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया।

पूरी प्रशासनिक नेतृत्व क्षमता से कार्य करें अधिकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को वर्ष 2025 तक देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी प्रशासनिक नेतृत्व क्षमता से कार्य करना होगा। राज्य के समग्र विकास एवं जन समस्याओं के समाधान हेतु सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण के मंत्र के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान के लिए प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि अपने कार्यों के लिए आम जन को अनावश्यक रूप से दफ्तरों में न आना पड़े। फ़ाइल सिस्टम को ऑनलाइन लाने पर फोकस किया जाए।
अनावश्यक रूप से रुकी फाइलें तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की हो जिम्मेदारी तय
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि शासन स्तर पर फाइलें अनावश्यक रूप से लम्बित न हों। जो फाइलें रूकी हैं, उनका दोबारा परीक्षण करवाया जाए। अनावश्यक रूप से फाइलें लंबित होने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने कहा कि जनपदों में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी की सरकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह सुनिश्चित किया जाए कि समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े लोगों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन दिवस पर ग्राम चौपाल का आयोजन किया जायेगा। इसमें सभी आईएएस अधिकारी अलग-अलग क्षेत्रों में ग्राम चौपालों में प्रतिभाग करें।
G-20 शिखर सम्मेलन को लेकर हुई व्यापक चर्चा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में भारत में G-20 शिखर सम्मेलन (G-20 Shikar Sammelan) होगा। G-20 से दो दल उत्तराखण्ड भी आयेंगे। इस दौरान हम उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं अन्य क्षेत्रों में क्या कर सकते हैं, इस कॉन्फ्रेंस में इस पर व्यापक चर्चा हुई।
इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आरके सुधांशु, श्री एल. फैनई, सचिव श्री आर.मीनाक्षी सुंदरम, श्री शैलेश बगोली एवं अन्य आई.ए.एस अधिकारी उपस्थित थे।


More Stories
Uttarakhand: नौकरी में बने रहने और पदोन्नति के लिए शिक्षक बना रहे गलत तथ्यों को आधार, सीटीईटी करने की तैयारी
Uttarakhand News: फलों के दाम आसमान पर, आम आदमी की पहुंच से हुए दूर, सेब 250 रुपये किलो तक पहुंचा
Uk News: भीमताल की निजी यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा, करंट लगने से कर्मचारी की जान गई